राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर पहुंचे जालंधर कैंट ; वेटरन्स व वीर नारियों को किया सम्मानित

जालंधर (हितेश सूरी) : पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर ने जालंधर कैंट में वज्र कोर का दौरा किया। 1971 के भारत-पाक यूद्ध में पाकिस्तान पर जीत की 50वीं वर्षगांठ को स्वर्णिम विजय वर्ष के रूप में मनाने और उस युद्ध में भाग लेने वाले दिग्गजों के सम्मान में एक शानदार समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान श्री बदनौर ने वेटरन्स और वीर नारियों को सम्मानित किया। राज्यपाल का स्वागत और संचालन लेफ्टिनेंट जनरल सी बंसी पोनप्पा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग वज्र कोर द्वारा किया गया। इस मौके पर श्री बदनौर ने वज्र शौर्य स्थल पर माल्यार्पण कर के भारतीय सेना के बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस उपरांत उन्होंने वज्र संग्रहालय का दौरा किया। फिर वयोवृद्ध वीरों और शहीदों को श्रद्धांजलि के रूप में आयोजित सम्मान समारोह में श्री बदनौर ने 20 पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को सम्मानित किया। अपने सम्बोधन में पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर ने 1971 के भारत-पाक युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारत माता के गौरवशाली सपूतों को याद किया। उन्होंने भारतीय सेना की व्यावसायिकता और लोकाचार में अपना गहरा विश्वास व्यक्त किया और राष्ट्र निर्माण में सेना के अमूल्य योगदान की प्रशंसा की। समारोह में सभी COVID 19 सावधानियों को सुनिश्चित करते हुए, वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, 1971 के युद्ध के दिग्गजों, वीर नारियों, सेवारत सैनिकों और नागरिक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। हरित पृथ्वी अभियान को समर्थन देते हुएश्री बदनौर ने एक पौधा लगाया और सभी को पर्यावरण की रक्षा के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करने के लिए प्रोत्साहित किया।