
जालंधर (सूरी) : स्थानीय होटल ‘ए’ में दोआबा खालसा स्कूल मार्किट एसोसिएशन की एक विशेष बैठक का आयोजन प्रधान जोगिन्दर सिंह सैनी की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में एसोसिएशन के सभी पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में दुकानदार सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य मार्किट में आ रही विभिन्न समस्याओं पर विचार-विमर्श करना तथा उनके प्रभावी समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार करना रहा। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान जोगिन्दर सिंह सैनी ने सभी दुकानदारों का आभार व्यक्त किया और कहा कि पिछले दो वर्षों से एसोसिएशन की प्राथमिकता मार्किट के दुकानदारों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और व्यवसायिक हितों की रक्षा करना रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इसी समर्पण और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मार्किट में आपसी भाईचारा, एकता और सहयोग की भावना को बनाए रखना ही एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य है। प्रधान सैनी ने अपने खिलाफ किए जा रहे कथित विरोध को निराधार बताते हुए स्पष्ट कहा कि यदि कोई यह सिद्ध कर दे कि उनके कार्यकाल के दौरान उन्होंने किसी प्रकार की अनियमितता या गलत कार्य किया है, तो वे उसी क्षण अपने पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल मार्किट का समग्र विकास और दुकानदारों के हितों की रक्षा करना है। इस दौरान सर्वसम्मिति से डा. टी.एस रंधावा को चेयरमैन और श्रीमती रेखा गुप्ता को ‘एसोसिएशन पी.आर.ओ’ नियुक्त किया गया। इस अवसर पर महासचिव सुदेश गुप्ता ने पिछले दो वर्षों में किए गए विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि प्रधान सैनी के नेतृत्व में मार्किट में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य संपन्न हुए हैं और अनेक नई योजनाएं प्रारंभ की गई हैं। उन्होंने कहा कि मार्किट में साउंड सिस्टम स्थापित किया जाएगा, जिससे भक्ति संगीत एवं गुरु शब्द की ध्वनि संपूर्ण मार्किट में सुनाई देगी, इसके अतिरिक्त स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा, डिवाइडर पर पौधारोपण परियोजना शुरू की जाएगी तथा समय-समय पर मेडिकल कैंप और रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। महासचिव सुदेश गुप्ता ने यह भी बताया कि दुकानदारों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मार्किट में वार्षिक ‘माँ भगवती जागरण’ एवं ‘कीर्तन दरबार’ का आयोजन किया जाएगा और साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी कई बड़े और ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी घोषित की जाएगी। बैठक के दौरान पूर्व कैशियर सुमित जिंदल ने एसोसिएशन का संपूर्ण लेखा-जोखा सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों के समक्ष पारदर्शिता के साथ प्रस्तुत किया, जिसकी उपस्थित सदस्यों ने सराहना की। बैठक का समापन एकजुटता और सहयोग की भावना के साथ हुआ, जिसमें सभी सदस्यों ने मार्किट के विकास, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में विशेष तौर पर शामिल हुए डा. जितेंदर कुमार अरोड़ा एवं सागर अस्पताल के चेयरमैन मदनलाल सागर ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इस अवसर पर उप-प्रधान प्रजय शर्मा, केशियर अंकित अग्रवाल, पवन काला, दर्शन सिंह, शैंकी विज, हरीश गुप्ता, हरमिंदर सिंह भोगल, गगन चौहान, संजीव बत्रा, विजय अशोका, गौरव बब्बर, राज बब्बर, जरनैल सिंह, अमरजीत सैनी, बलजीत भाटिया, पुनीत गुप्ता, दीन बंधु गुप्ता, करण, विनोद कुमार बंटी, सतपाल सिंह, ब्रिज भूषण व अन्य उपस्थित रहे।










