खालिस्तान समर्थक व सांसद अमृतपाल सिंह की अजनाला अदालत में VC के जरिए हुई पेशी : 2 मई से अमृतसर कोर्ट में होगी सुनवाई, पुलिस ने चालान किया पेश
जालंधर (योगेश सूरी) : अजनाला थाने पर हुए हमले के मामले में आज ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के चीफ खालिस्तान समर्थक व सांसद अमृतपाल सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (V.C) के माध्यम से अजनाला अदालत में पेश किया गया।

आज की सुनवाई के दौरान पुलिस ने जांच पूरी कर अदालत में चालान पेश किया, जिसके बाद अदालत ने मामले का ट्रायल अमृतसर सेशन कोर्ट को स्थानांतरित करने का आदेश दिया। अब इस मामले की सुनवाई 2 मई से अमृतसर सेशन कोर्ट में शुरू होगी। बता दे कि अदालत ने इससे पहले आरोपी अमृतपाल सिंह को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था।

बताया जा रहा है कि इस मामले में अब तक सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा चुका है। अमृतपाल सिंह अंतिम आरोपी है, जिसकी पेशी आज पूरी हुई है। अदालत के आदेश के मुताबिक अमृतपाल सिंह को असम जेल में ही न्यायिक हिरासत में रखा जाएगा और भविष्य की सभी पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होंगी। अमृतपाल सिंह के वकील ऋतुराज सिंह संधू का कहना है कि इस मामले में पुलिस को कोई बरामदगी नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पहले वाहनों और हथियारों की बरामदगी के दावे किए जा रहे थे, लेकिन जांच में कोई ठोस सबूत नहीं मिला, इसी कारण पुलिस को केवल दो दिन का रिमांड मिला और एक सप्ताह के भीतर ही जांच पूरी कर ली गई।










