पाकिस्तान से चल रहे हथियार तस्करी के नेटवर्क का हुआ पर्दाफाश : 4 आतंकी गिरफ्तार, 7 अत्याधुनिक विदेशी पिस्तौल बरामद

जालंधर (योगेश सूरी) : अमृतसर पुलिस ने पाकिस्तान से चल रहे हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने चार आतंकियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से कुल सात अत्याधुनिक पिस्तौल जैसे हथियार बरामद किए गए हैं। बताया जा रहा है कि बरामद हथियारों में दो ग्लॉक 9 एमएम पिस्तौल (ऑस्ट्रिया निर्मित), चार .30 बोर पिस्तौल (चीन निर्मित) और एक अतिरिक्त .30 बोर पिस्तौल शामिल है ।पुलिस जांच में यह खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किए गए आतंकी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और यह आतंकी अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर पंजाब में आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने का काम कर रहे थे। यह सारा नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसका उद्देश्य राज्य में अपराध को बढ़ावा देना और अमन शांति भंग करना था। इस मामले में थाना कैंटोनमेंट, अमृतसर में शस्त्र अधिनियम (Arms Act) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है।










