जालंधर / शाहकोट (हितेश सूरी) : केंद्र सरकार द्वारा पारित कृषि कानूनों के विरोध में किसान आंदोलन जारी है। इस दौरान किसानों के पक्ष में विश्व प्रसिद्ध वातावरण प्रेमी संत बलवीर सिंह सीचेवाल ने भी अपना पद्म विभूषण अवार्ड वापस करने का फ़ैसला किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की किसानों बारे बेरुख़ी और अन्नदाता की दुर्दशा उनसे सहन नहीं हो रही थी, इसलिए उन्होंने यह फ़ैसला लिया है। वह 5 दिसंबर को दिल्ली जाकर अपना अवार्ड वापस करेंगे और साथ ही सिंघू बार्डर पर किसानी आंदोलन में सम्मिलन करेंगे। उनके नेतृत्व में ही पंजाब के साथ सबंधित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी अपने सम्मान वापस करेंगे। इसी बीच 30 पूर्व खिलाड़ी भी आगे आए हैं। इन खिलाड़ियों ने किसानों की मांगों को जायज बताया है। इन खिलाड़ियों ने कहा कि विरोध कर रहे किसानों के साथ हुए गलत व्यवहार से वह बेहद दुखी हैं इसलिए वह अपने सभी मैडल राष्ट्रपति को वापस करेंगे। पूर्व पहलवान और अर्जुन अवार्डी करतार सिंह ने कहा कि हम चाहते हैं कि केंद्र सरकार 1-2 दिनों में फ़ैसला ले नहीं तो हमारे पास जो पद्मश्री, अर्जुन अवार्ड या जो भी अवार्ड हैं, हम उनको वापस देने के लिए तैयार है। बता दें कि इससे पहले कृषि कानूनों खिलाफ पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने पद्म विभूषण और शिरोमणी अकाली दल (डेमोक्रेटिक) के प्रधान सुखदेव सिंह ढींडसा ने पद्म भूषण अवार्ड बीते दिन वापस कर दिया था।
Related Articles
भाजपा सांसद कंगना रनौत की बहुचर्चित फिल्म ‘इमरजेंसी’ कल होगी रिलीज : पंजाब में फिल्म बैन करने हेतु SGPC प्रधान ने CM मान को लिखा पत्र
16/01/2025
पंजाब में डीसी ऑफिस कर्मचारियों द्वारा घोषित 3 दिवसीय हड़ताल को लेकर बड़ी Update ; पढ़ें व देखें पूरी खबर
15/01/2025