♦जालंधर के बहुचर्चित मैरिटन होटल के MD मरवाहा को फर्श पर घसीटने व ठुड्ढो से पीटने वाले पार्टनर दुआ व अन्य साथियों पर मामला दर्ज
♦मरवाहा ने की महिलाओं से बदतमीज़ी, पगड़ी को सम्मान से रखा गया था टेबल पर, धर्म की आड़ ले रहा मरवाहा : डा. प्रीति दुआ
जालंधर (योगेश सूरी) : जालंधर के बहुचर्चित मैरिटन होटल के एम.डी परमजीत सिंह मरवाहा को बुरी तरह फर्श पर घसीटकर ठुड्ढो से पीटने वाले होटल के पार्टनर व दुआं सेनिटेशन के संचालक यशपाल दुआ सहित अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि यशपाल दुआ व अन्य लोगो पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने तथा मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है हालांकि श्री दुआ ने डा. परमजीत सिंह मरवाहा पर आरोप लगाया है कि मरवाहा व उनके साथियों ने उनके परिवार की महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि होटल में पार्टनर मरवाहा मनमानी ढंग से संचालन करते हैं, जिससे सभी परेशान है। उनके अनुसार विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई की स्थिति बन गई। सूत्रों के अनुसार कुछ होटल स्टाफ सदस्यों ने भी मौके का फायदा उठाकर मरवाहा पर हाथ साफ किए। मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में होटल के पार्टनर यशपाल दुआ, गुलशन दुआ, उमेश दुआ, शिवी दुआ तथा यशपाल दुआ के ड्राइवर सहित कुल 6 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 3(5), 115(2), 299, 351(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोप है कि विवाद के दौरान धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले कृत्य किए गए, जिसके आधार पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की गई है। मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच-पड़ताल कर रही है। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार बताये जा रहे हैं। वही श्री यशपाल दुआ की बेटी डा. प्रीति दुआ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर डा. परमजीत सिंह मरवाहा द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार पर लगाए गए सभी आरोप निराधार और मनगढ़ंत हैं। डा. प्रीति दुआ का दावा है कि विवाद की शुरुआत मरवाहा पक्ष की ओर से हुई थी और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप महज एक साजिश के तहत लगाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना 12 फरवरी की है, जब होटल में उनकी भतीजी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान परमजीत मरवाहा वहां आए और महिलाओं के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मरवाहा ने धमकी दी कि वह नीचे जाकर उन्हें “देख लेंगे”। उन्होंने कहा कि पिछले सात महीनों से उनके परिवार को लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है, जिसके कारण उनके पिता यशपाल दुआ डिप्रेशन में चले गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मरवाहा अपने धन और रसूख का रौब दिखाकर होटल की हिस्सेदारी को लेकर विवाद खड़ा कर रहे हैं।

धार्मिक भावनाओं को आहत करने और पगड़ी उतारने के आरोपों पर डा. प्रीति दुआ ने स्पष्ट कहा कि मरवाहा की पगड़ी को किसी ने हाथ नहीं लगाया, हाथापाई के दौरान जब पगड़ी ढीली हो गई, तो उसे पूरे सम्मान के साथ मेज पर रख दिया गया था। परिवार का दावा है कि वीडियो फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि किसी ने भी पगड़ी का अपमान नहीं किया और मरवाहा धर्म की आड़ लेकर उनके परिवार को कानूनी रूप से फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। दुआ परिवार ने यह भी सवाल उठाया कि परमजीत मरवाहा का अपने सगे भाई, जिनकी होटल में 15 प्रतिशत हिस्सेदारी बताई जाती है, के साथ भी विवाद चल रहा है। उनका कहना है कि जो व्यक्ति अपने सगे भाई के साथ नहीं निभा सकता, वह दूसरों के साथ कैसा व्यवहार करता होगा, यह स्वयं स्पष्ट है। अंत में डा. प्रीति दुआ और उनके परिवार ने प्रशासन से निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मरवाहा द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह झूठे हैं और वह केवल विवाद को तूल देने के लिए बहाने ढूंढ रहे है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटना के बाद होटल के पार्टनर यशपाल दुआ ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा कि बीती रात उनकी पौत्री का जन्मदिन था और रात करीब 10 बजे परमजीत सिंह मरवाहा और उसका बेटा सिमरनजीत सिंह मरवाहा अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ उनके कार्यक्रम में आ गए। उन्होंने कहा कि मरवाहा और उनके साथ आए लोगों ने उनके परिवार की महिलाओं को गन्दी गालियां निकालनी शुरू कर दी और बदसलूकी करने लगे, जिसका विरोध करने पर मरवाहा और उनके साथियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वे और उनके भाई गुलशन दुआ घायल हो गए। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें और उनके भाई को रामा मंडी के अस्पताल पहुंचाया। श्री दुआ ने यह भी कहा कि परमजीत सिंह मरवाहा अपने बचाव के लिए उन पर और उनके परिवारिक सदस्यों पर झूठे आरोप लगा रहा हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
इससे पहले गत दिवस देर शाम होटल के एम.डी. परमजीत सिंह मरवाहा (जिन्हें वायरल वीडियो में घसीटते हुए लेकर जाने और उनकी उतरी हुई दस्तार का दृश्य साफ़ दिखाई दे रहा है) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपना पक्ष रखा था। मरवाहा ने बताया था कि वह होटल में 36 प्रतिशत हिस्सेदारी रखते हैं और उनके अलावा पांच अन्य पार्टनर—इंद्रजीत सिंह, गौतम कुकरेजा, तरणजीत कौर, इंद्रपाल सिंह और यशपाल दुआ—हैं। उन्होंने कहा कि यशपाल दुआ की हिस्सेदारी लगभग 5 प्रतिशत है और वे अक्सर होटल प्रबंधन में हस्तक्षेप कर विवाद उत्पन्न करते रहते हैं। मरवाहा के अनुसार बीती रात होटल में चल रहे एक समारोह को चैक करने के बाद जब वह लिफ्ट से बाहर आ रहे थे, तभी यशपाल दुआ और उनके भाई गुलशन दुआ ने उनके साथ विवाद करते हुए उन्हें अपशब्द कहे और उन पर तथा उनके बेटे पर हमला कर दिया। मरवाहा ने आरोप लगाया कि उन्हें घसीटा गया, उनकी दस्तार उतार दी गई और उन्हें बुरी तरह से पीटा गया। होटल के पार्टनरों के बीच हुए इस विवाद की शहर के अन्य होटल और पैलेस मालिकों में भी चर्चा है।










