जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस ने किया ISI समर्थित जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ : लाइव फुटेज जा रही थी पाकिस्तान, आतंकी सुखविंदर सुक्खा गिरफ्तार

जालंधर (योगेश सूरी) : पंजाब पुलिस के जालंधर काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने ISI समर्थित जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ दिया है। मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने एक आतंकी को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा निवासी फिरोजपुर के तौर पर हुई है। पुलिस जांच के मुताबिक आतंकी सुक्खा गिरोह का प्रमुख ऑपरेटिव है। जांच में यह भी तथ्य सामने आया है कि उक्त आतंकी सुक्खा और उसके साथी सोलर पावर से चलने वाले सीसीटीवी कैमरे विभिन्न स्थानों पर लगा रहे थे तथा इन कैमरों के जरिए संवेदनशील स्थानों, खासकर सेना से जुड़े इलाकों की निगरानी की जा रही थी। जांच में यह भी पता चला है कि इन कैमरों में 4G कनेक्टिविटी लगी हुई थी, जिससे लाइव फुटेज मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स को भेजी जा रही थी। पुलिस ने कपूरथला से चीन निर्मित सोलर सीसीटीवी उपकरण भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल निगरानी के लिए किया जा रहा था। वही इस मामले में स्टेट स्पेशल आपरेशन सेल (SSOC), अमृतसर में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान और इसके पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है।










