अदालत में खालिस्तान समर्थक व सांसद अमृतपाल सिंह द्वारा दाखिल की गई डिस्चार्ज याचिका पर कल होगी बहस, सरकारी पक्ष ने आज जवाब किया दाखिल
जालंधर (योगेश सूरी) : असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद व ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के मुखिया खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह की आज अमृतसर कोर्ट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेशी हुई है। अदालत में पिछली सुनवाई के दौरान अजनाला थाना कांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह के वकील रितु राज सिंह संधू ने अमृतपाल को इस केस से डिस्चार्ज करने हेतु एक नई याचिका दाखिल की थी। उनका कहना है कि इस मामले में अमृतपाल सिंह के खिलाफ पर्याप्त सबूत नहीं हैं और उन्हें राजनीतिक कारणों से फंसाया गया है।

वहीं आज अदालत में हुई सुनवाई के दौरान अमृतपाल द्वारा दाखिल की गई याचिका के सामने स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर श्री गुरिंदरबीर सिंह ने पंजाब सरकार की तरफ से जवाब दाखिल किया है। सूत्रों की मानें तो सरकारी पक्ष की ओर से अमृतपाल की याचिका का कड़ा विरोध किया गया है। पुलिस और जांच एजेंसियों का कहना है कि अजनाला घटना के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई थी और मामले में अमृतपाल के विरुद्ध कई गंभीर धाराएं दर्ज हैं। फिलहाल अदालत ने अमृतपाल सिंह की डिस्चार्ज याचिका पर बहस के लिए 12 मई यानी कल का दिन रखा है। पंजाब के सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक एवं व्यापारिक वर्ग से जुड़े कई प्रतिनिधियों की निगाहें लगातार इस केस पर टिकीं हुई है ।










