पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने अपने लाइव शो से खालिस्तानियों को भगाया, निकाली जमकर भड़ास : पोस्टर-झंडे दिखाने वाले भाग जाओ, उठाकर बाहर मारूंगा

जालंधर (योगेश सूरी) : अमेरिका के कैलगरी में अपने लाइव शो के दौरान पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने खालिस्तानियों पर जमकर भड़ास निकाली। दिलजीत ने खालिस्तानी झंडा एवं पोस्टर दिखा रहे खालिस्तानियों को स्टेज से ही जवाब दिया । पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने सिद्धू मूसेवाला स्टाइल में अपनी जांघ पर थापी देते हुए कहा कि जिसने आना है मैदान में आ जाए, मैं उठाकर बाहर फेंकूंगा। उन्होंने कहा कि ये जो विरोध कर रहे हैं इन्होंने पंजाब के लिए क्या किया है। उन्होंने कहा कि हमारा काम नहीं था फिर भी पंजाब में आई बाढ़ में लोगों की मदद की, उनके घर बनाए। दिलजीत ने कहा कि पंजाबियों की आवाज नेशनल मीडिया तक नहीं पहुंची थी, इसलिए वे शो में गए थे, वहां जाकर अपनी या फिल्म की प्रोमोशन नहीं की बल्कि पंजाब के भले के लिए ही फंड इकट्ठा किया। उन्होंने कहा कि कोई राजनीतिक कारणों से उनका विरोध कर रहा है, तो उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। दिलजीत ने कड़े शब्दों में कहा कि अगर पंजाब की बात करने के कारण कोई उनका विरोध करना चाहता है, तो वे शौक से करें, वे इसके लिए तैयार हैं । दिलजीत ने कहा कि अगर कोई उनके पंजाब प्रेम के कारण उन्हें झंडे दिखाना चाहता है, तो वे रोज दिखाएं, उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके कॉन्सर्ट में बुजुर्ग और बच्चे भी आते हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई वहां आकर माहौल खराब करेगा या हंगामा करेगा, तो उसे तुरंत बाहर निकाल दिया जाएगा। वही सरे में शो के दौरान हुए हंगामे का जिक्र करते हुए दिलजीत ने साफ कर दिया कि वे वेन्यू पर किसी भी तरह की अनुशासनहीनता या बाधा को बर्दाश्त नहीं करेंगे । उन्होंने कहा कि मेरा काम किसी को खुश करना नहीं, बल्कि अपने लोगों की सेवा करना है।










