
जालंधर (योगेश सूरी) : अमेरिका के कैलगरी में अपने लाइव शो के दौरान पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने खालिस्तानियों पर जमकर भड़ास निकाली। दिलजीत ने खालिस्तानी झंडा एवं पोस्टर दिखा रहे खालिस्तानियों को स्टेज से ही जवाब दिया । पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ ने सिद्धू मूसेवाला स्टाइल में अपनी जांघ पर थापी देते हुए कहा कि जिसने आना है मैदान में आ जाए, मैं उठाकर बाहर फेंकूंगा। उन्होंने कहा कि ये जो विरोध कर रहे हैं इन्होंने पंजाब के लिए क्या किया है। इस घटना के बाद भाजपा सांसद रवनीत बिट्टू ने भी X हैंडल पर पोस्ट कर लिखा है कि दिलजीत दोसांझ, मैंने आपको कई साल पहले ही चेतावनी दी थी, इन खालिस्तानी कुत्तों की पूछें कभी सीधी नहीं हो सकती।
बिट्टू ने कहा कि इन खालिस्तानी लोगों की फितरत कभी नहीं बदलती, इनका कोई धर्म नहीं होता, इनके लिए सब कुछ सिर्फ पैसों का खेल है। बिट्टू ने लिखा है कि इन लोगों ने हमेशा म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री को नुकसान पहुंचाया है, चाहे वो विरिंदर की हत्या हो, गुरदास मान की छवि खराब करना हो, और अब आपको निशाना बनाना, लेकिन कुछ बातें इंसान को खुद अनुभव करने के बाद ही समझ आती हैं।










