जालंधर (न्यूज़ लिंकर्स ब्यूरों) : कांग्रेसी नेता संजय सहगल ने कहा कि सीएम भगवंत मान के प्रस्तावित जालंधर दौरे के दौरान कृष्णा नगर क्षेत्र की 33 एकड़ भूमि का लंबित जनहित मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा । उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 50 वर्षों से क्षेत्र में निवास कर रहे हजारों परिवार अब तक मालिकाना अधिकार से वंचित है । उन्होंने कहा कि वर्ष 2001 में भूमि को नियमित करने की स्वीकृति प्रदान की गई थी, किन्तु बाद में उस पर रोक लगा दी गई, जिसके पश्चात कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। श्री सहगल ने जालंधर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट पर LDP प्लॉट आवंटन में व्यापक अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कहा कि इन मामलों के कारण जनहित से जुड़े मुद्दे उपेक्षित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि कृष्णा नगर के निवासी निर्धारित सरकारी दरों पर भुगतान करने के लिए तैयार है और केवल वैधानिक स्वामित्व अधिकार की मांग कर रहे है, जिससे ट्रस्ट को राजस्व भी प्राप्त हो सकता है । श्री सहगल ने मान सरकार से मांग की है कि उक्त समस्या का शीघ्र ही समाधान किया जाए तथा आरोपित घोटालों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए और साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु वर्कशॉप चौक से रामा मंडी तक फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता पर भी पूरा ध्यान दिया जाए।










