
जालंधर (ब्यूरों) : दोआबा खालसा स्कूल मार्केट एसोसिएशन (रजि.) के वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। एसोसिएशन के सदस्यों की मांग पर लगभग 40 दिन पूर्व चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी, जिसकी विधिवत जानकारी समय-समय पर सभी सदस्यों को दी जाती रही। तय कार्यक्रम के अनुसार 27 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक नामांकन प्रक्रिया चली, जिसमें चुनाव लड़ने के इच्छुक सदस्यों ने अपने नामांकन पत्र 31 जनवरी की शाम 5 बजे तक जमा किए। इस दौरान कुल सात नामांकन पत्र प्राप्त हुए। चुनाव अधिकारियों द्वारा सभी नामांकन पत्रों की विधिवत जांच के उपरांत सातों प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। निर्विरोध चुने गए पदाधिकारियों में जोगिंदर सिंह सैनी को प्रधान, प्रजय शर्मा को उप-प्रधान, सुदेश गुप्ता को महासचिव, अंकित को कैशियर तथा दर्शन सिंह, पवन काला एवं शिवम विज को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया। इस मौके पर दोआबा खालसा स्कूल मार्केट एसोसिएशन (रजि.) ने चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता एवं ईमानदारी से संपन्न कराने हेतु चुनाव अधिकारी सतपाल सिंह और ब्रिज भूषण का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा मार्केट के विकास और सभी सदस्यों की भलाई के लिए बिना किसी भेदभाव के कार्य करेंगे। उन्होंने सदस्यों के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर यह भी जानकारी दी गई कि दिनांक 8 फरवरी 2026 को मार्केट के सभी सदस्यों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी समय और स्थान की सूचना शीघ्र जारी की जाएगी। एसोसिएशन ने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग देने के लिए समस्त सदस्यों का भी आभार व्यक्त किया।









