
जालंधर (योगेश सूरी) : खालिस्तानी आतंकी संगठन ‘खालिस्तान लिबरेशन आर्मी’ ने जालंधर व अमृतसर हुए आतंकी हमलों की जिम्मेदारी ली।
आपको बता दे कि जालंधर स्थित BSF हेडक्वार्टर के सामने मंगलवार रात धमाका हुआ, जिसमें इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) के इस्तेमाल की बात कही जा रही है। इस ब्लास्ट का वीडियो भी सामने आया है। वहीं अमृतसर में आर्मी कैंप के भीतर भी ग्रेनेड अटैक की कोशिश की गई लेकिन वह दीवार पर टकराकर फट गया।

इसी बीच DGP गौरव यादव ने अमृतसर पहुंचकर ब्लास्ट की जगह का जायजा लिया और कुछ ही देर में वह जालंधर में हुईं घटना का भी जायजा लेने पहुंच रहे है। इस संबंध में डीजीपी गौरव यादव करीब 1 बजे बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मामले के बारे में खुलासा कर सकते है । अमृतसर व जालंधर में हुए ब्लास्ट की गहन जांच NIA द्वारा भी की जा रही है। वही जालंधर ब्लास्ट के मामले में हिरासत में लिया गया युवक BSF के ही रिटायर्ड जवान का बेटा है। परिवार उसे बेकसूर बता रहा है। वही जालंधर धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने एक पोस्ट शेयर कर ली है, जिसमें लिखा है कि डीआईजी संदीप गोयल और उनका परिवार टारगेट पर है, इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा ।

बताया जा रहा है कि अमृतसर में बॉर्डर रेंज के DIG संदीप गोयल ने गुरदासपुर की पुलिस चौकी में पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी रणजीत सिंह का एनकाउंटर किया था। मार्च 2026 में हुए इस एनकाउंटर को खालिस्तानी आतंकियों ने फेक करार दिया। जालंधर में BSF चौक के पास रात 7:57 बजे एक स्कूटी के पास धमाका हुआ। पुलिस जांच में सामने आया है कि एक संदिग्ध व्यक्ति PAP चौक की ओर से रॉन्ग साइड से पैदल आता दिखा, वह सीधे उस स्थान तक पहुंचा, जहां फुटपाथ पर एक्टिवा खड़ी थी। युवक ने पॉलिथीन में लिपटा पैकेट वहां छोड़ा और बस अड्डे की ओर भागा, जिसके कुछ सेकेंड में धमाका हो गया।
बताया यह भी जा रहा है कि जिस एक्टिवा में धमाका हुआ, वह BSF के ही रिटायर्ड जवान कश्मीर सिंह की है। उसका बेटा गुरप्रीत सिंह पार्सल लेने के लिए आया था। हेलमेट न पहने होने की वजह से BSF जवानों ने उसकी एक्टिवा बाहर खड़ी करा दी। गुरप्रीत अभी पुलिस हिरासत में है। जालंधर में हुए ब्लास्ट के करीब 3 घंटे बाद ही अमृतसर में आर्मी कैंप खासा के बाहर मंगलवार रात करीब 11 बजे ग्रेनेड अटैक हुआ। अमृतसर देहाती के SSP सोहेल मीर कासिम के मुताबिक बाइक पर सवार 2 नकाबपोशों ने आर्मी कैंप की तरफ ग्रेनेड फेंका और दीवार के साथ लगते ही जोरदार धमाका हुआ। धमाके से चारदीवारी पर सेना एरिया को कवर करने के लिए लगाया गया टीन शेड ढह गया। गेट नंबर 6 और 7 के बीच की दीवार को भी थोड़ा नुकसान हुआ है।
खालिस्तानी आतंकी संगठन ने सोशल मीडिया पर शेयर की पोस्ट में लिखा है- 5 मई 2026 को रात 8 बजे पंजाब में जालंधर के फ्रंटियर हेडक्वार्टर BSF एक IED हमला किया गया। KLA (खालिस्तान लिबरेशन आर्मी) हमले की जिम्मेदारी लेती है। हमले में 2 बीएसएफ सिपाही मारे गए और 3 जख्मी हो गए। यह हमला ऑपरेशन नवा सवेरा का हिस्सा है। यह तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारे भाई शहीद रणजीत सिंह के खून का बदला पूरा नहीं होता और खालिस्तान आजाद नहीं होता।पोस्ट में आगे आगे लिखा है कि एक बार फिर KLA डीआईजी संदीप गोयल को चेतावनी देती है कि आप, आपका परिवार और आपके रिश्तेदार हमारा निशाना हैं। शहीद रणजीत सिंह के खून का बदला आपके करीबियों और प्यारे लोगों के खून से लिया जाएगा। गोयल परिवार ने बहुत सारे अत्याचार किए हैं। हम इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा। विशेष धमाके का वीडियो जल्द ही जारी की जा रही है। वही न्यूज लिंकर्स इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है।










