जालंधर (न्यूज़ लिंकर्स ब्यूरों) : भारतीय संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मदिवस के अवसर पर नैशनल वाल्मीकि सभा भारत के चेयरमैन दीपक नाहर ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके अमूल्य योगदान को याद किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए दीपक नाहर ने बताया कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब द्वारा निर्मित भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है, जिसने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान किए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए जो ऐतिहासिक कार्य किए, वे सदैव स्मरणीय रहेंगे और उनके विचारों ने समाज में जागरूकता, आत्मसम्मान और अधिकारों के प्रति समझ विकसित की है। दीपक नाहर ने आगे कहा कि आज के समय में बाबा साहेब के आदर्शों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि समाज में समानता और भाईचारे की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने युवाओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे शिक्षा को अपना सबसे बड़ा हथियार बनाएं और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। दीपक नाहर ने आगे कहा कि बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलकर ही एक समतामूलक, सशक्त और प्रगतिशील भारत का निर्माण संभव है।










