
जालंधर (ब्यूरों) : जालंधर न्यू कोर्ट परिसर में आयोजित एक विशेष बैठक के दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने वाले एडवोकेट हृदयेश सोनी को 35 बार स्वेच्छा से रक्तदान करने पर अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार कमिशन द्वारा प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार कमिशन के उत्तर भारत के डायरेक्टर अमनदीप मित्तल, जालंधर बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उप-प्रधान एवं अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार कमिशन के कानूनी सलाहकार एडवोकेट राम छाबड़ा, एडवोकेट मुनीष महाजन (सचिव, शिकायत निवारण विभाग एवं सचिव एन.आर.आई. अफेयर्स) की ओर से प्रदान किया गया। इस मौके पर अमनदीप मित्तल ने कहा कि हृदयेश सोनी द्वारा किया गया 35 बार रक्तदान समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक कार्य है। उन्होंने कहा कि रक्तदान वास्तव में “महादान” है, जिससे अनगिनत लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने समाज के युवाओं से भी अधिक से अधिक रक्तदान करने और मानव सेवा के कार्यों में आगे आने की अपील की। इस दौरान एडवोकेट राम छाबड़ा ने कहा कि हृदयेश सोनी एवं उनका परिवार लंबे समय से सामाजिक एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्य आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं और युवाओं को समाज सेवा, राष्ट्रहित तथा मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक करते हैं। एडवोकेट मुनीष महाजन एडवोकेट ने युवाओं से नशे से दूर रहने, अपने माता-पिता की सेवा करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण से ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ती है और मानव जीवन सुरक्षित एवं स्वस्थ रहता है। बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि यदि किसी व्यक्ति को मानव अधिकारों से संबंधित कोई समस्या हो तो वह अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार कमिशन की ई-मेल आई.डी. headquarter.ihrc@gmail.com पर संपर्क कर सकता है। इच्छुक व्यक्ति कमिशन से जुड़कर अपने क्षेत्र की समस्याओं एवं सुझावों को भी साझा कर सकते हैं। इस अवसर पर समाज सेवक जतिंदर सोनी, चड्ढा बिरादरी के उप-प्रधान आरुष चड्ढा, मुदित सैनी, आशुतोष शर्मा, हरप्रीत सैनी, एडवोकेट दिया कौशल, एडवोकेट रीया कौशल, हितेश गुप्ता, एडवोकेट रोहित भट्टी, करण खन्ना, पुनीत राजपुरोहित व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।










