
जालंधर (न्यूज़ लिंकर्स ब्यूरों) : विश्व प्रसिद्ध श्री सिद्ध बाबा सोढल मेले के मद्देनजर जिला प्रशासन जालंधर द्वारा 25 सितंबर 2026 दिन शुक्रवार को जालंधर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में डिप्टी कमिश्नर जालंधर कार्यालय की ओर से आदेश जारी किया गया है। आदेश के मुताबिक 25 सितंबर को जालंधर जिले के अंतर्गत आते पंजाब सरकार के सभी कार्यालयों, निगमों, बोर्डों, शैक्षणिक संस्थानों तथा पंजाब सरकार से संबंधित अन्य संस्थानों में स्थानीय अवकाश रहेगा। यह फैसला श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और मेले के दौरान उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

इस अवसर पर श्री सिद्ध बाबा सोढल सुधार सभा के प्रधान पंकज चड्ढा ने जालंधर के डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया सहित समूचे जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि श्री बाबा सोढल महाराज के वार्षिक मेले के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने से श्रद्धालुओं को मेले में शामिल होने और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए लिए गए इस निर्णय की सराहना की है।









